नववर्ष मंगल हो ........
नई उमंगें ,नई तरंगे लेकर संग में हर्ष |
खुशियों का संदेसा लेकर आया है नववर्ष ||
नाचें गायें , धूम मचाएं ,
एक साथ मिल ख़ुशी मनाएं |
आशाओं के दीप जले , हो मंगलमय नववर्ष || खुशियों का ....
नई चेतना , नई कल्पना ,
नई सृष्टि का लेकर सपना |
स्थापित हो मानवता का एक नया प्रतिदर्श || खुशियों का ....
विगत वर्ष की बातें तजकर ,
सपने नए बुने हम मिलकर |
देकर ख़ुशी ,ख़ुशी हम पायें ले संकल्प सहर्ष || खुशियों का ....
जाति, धर्म से ऊपर उठकर ,
देश- प्रेम की डोर पकड़कर |
औरों के हित जीना सीखें करें प्रगति संघर्ष || खुशियों का ....

















