Followers

Thursday, February 25, 2016

एक विचार जीवन सार

                एक विचार: जीवन सार  


कहि आजाद जब दुखित मन,माँगहु हंसी उधार |
      इससे पुनि खिल जाएगा, खुशियों का संसार ||1||

कहि आजाद न अस गिरौ, नज़र न सकौ मिलाय |
       गिरना है तो असि गिरहु, सब तोहिं लेहिं उठाय ||2||
     
चिंता की सँकरी गली ,जो कोई घुसि जाय |
      कहि आजाद बिरला कोई ,वापस फिर आ पाय ||3||
      
 अपनी सुनि तारीफ़ मैं ,फूला नहीं समाय |
      सुनि आजाद जब और की ,मुझसे रहा न जाय ||4|| 
     
मुझसे लई आपन  कहत , मोको रह्या दिखाय |
      कहि आजाद असि लोग से बचि के रहियो भाय ||5||
     
 पर सोना पीतल कहै ,निज पीतल को स्वर्ण |
      पड्यौ जौहरी सामने ,धूमिल हो गयौ वर्ण ||6|| 

कवि एवं साहित्यकार –रामचंदर आजाद
जवाहर नवोदय विद्यालय झालावाड़ (राज.)
मोबा.9982395653




       

Sunday, February 21, 2016

चलो सजन कहिं और


चलो सजन कहिं और


चलो सजन कहिं और
जहाँ हो प्रेम की नगरी |

प्रेम धरा के कण- कण में हो नभ में  प्रेम की बदरी ||
प्रेम की भाषा  प्रेम की आशा  प्रेम सुधा  रस गगरी ||

प्रेम पियासा जन अभिलाषा मुख  में प्रेम की मिसरी ||
प्रेम विटप पर  प्रेम के पंछी  छेड़त  प्रेम की ठुमरी ||

प्रेम छवी नैनन दर्शाती  खोलत अधर प्रेम की गठरी ||
कहि ‘आजाद’ मनहिं भीतर में तेरो है प्रेम की नगरी ||


Monday, February 1, 2016

हो रहे हैं हल्के रिश्ते




हो रहे हैं हल्के रिश्ते.......




हो रहे हैं हल्के रिश्ते आजकल के जमाने में |
प्यार भी हल्का हुआ है आज आजमाने में ||
****************************
अब तो बस प्यार में नुमाइशी चेहरे दिखते हैं |
गर्दन कटानेवाले मिलते अब कहाँ जमाने में ||
 ****************************
वादे और कसमों की बौछार तो करते बहुत |
उसे निभानेवाले मिलते अब कहाँ जमाने में ||
**************************** 
चन्द सिक्कों के लिए जान लेने पर उतारू  |
सबर करनेवाले मिलते अब कहाँ जमाने में ||
**************************** 
तन, मन, धन लुटानेवाले दोस्ती के नाम पर |
ऐसे दिलेर दोस्त मिलते अब कहाँ जमाने में ||
 ****************************
हो गयी हैं मतलबी  दिल की धड़कने शायद |
औरों के गम में धडकती अब कहाँ जमाने में ||
 ****************************
सच कहें ‘आजाद’ सपने भी पराये हो गए |

सपने आँखों में हैं बसते अब कहाँ जमाने में || 


Friday, January 29, 2016

चंचल मन मेरो कहा न माने |



चंचल मन मेरो कहा न माने |

जब  जब इसको  रोकन चाहूँ  सुनत न  बात  सयाने |
इक पल रुकत पुनः फिर भाजति  नाना  करत  बहाने||

करम धरम और योग  ध्यान में कुछ पल रुकत रुकाने |
जैसहि  थोड़ा  अवसर  पावत  करत   अन्यत्र  पयाने ||

बीते पल  को सोचि- सोचि  कर  लागत  अश्रु  बहाने |
कहि ‘आजाद’ कछु समझ न आवत काम करत मनमाने ||

कवि एवं साहित्यकार – रामचंदर ‘आजाद’
जवाहर नवोदय विद्यालय पचपहाड़ ,झालावाड़ (राज.)

मोबाईल- 9414750971 

Monday, January 25, 2016

हमारा तिरंगा

        हमारा तिरंगा

    यह तिरंगा जो हमारे देश का अभिमान है |
           और हम सारे वतन के वासियों की शान है |
    जान पर भी खेलकर झुकने नहीं देंगे इसे ,
           बूंद- बूंद रक्त भी इसके लिए कुर्बान है |

    यह शहीदों की अमर गाथा सुनाता है हमें ,
           शौर्य और पराक्रम की बातें बताता है हमें |
    इसके लहराने में जैसे नौजवानों की है मस्ती ,
           लहरकर उनकी विजय गाथा सुनाता है हमें ||

    हरे रंग से धरती की हरियाली इसको प्यारी है |
       जंगल बाग़ खेत उपवन में इसकी ही छवि न्यारी है |
    श्वेत रंग सच्चाई के पथ पर चलने का देता ज्ञान ,
        सदा सत्य पर चलो साथियों इसमें जीत तुम्हारी है ||

    केसरिया रंग हम में साहस कूट-कूट भर जाता है |
         उठो जवानों !आगे आओ तुमको देश बुलाता है |
    समय चक्र देता संदेशा आगे बढ़ो हे भारतवीर !
         नहीं समय की क़द्र करे जो जीवन भर पछताता है ||




          


Saturday, January 23, 2016

क्रांति की ज़रूरत



    

क्रांति की जरुरत 





एक क्रांति तो  पहले हुई थी गोरों को  मार भागने की |
एक क्रांति की आज जरुरत जनगण मन को जगाने की ||

चले गए अँग्रेज मगर  अंग्रेजीपन को  छोड़ गए |
शासन प्रशासन में अपने पुतले वंशज छोड़ गए |
वैसी  भाषा  वैसी बानी  खानपान भी  वैसा है |
लूटपाट का  वही तरीका  अकड़ फिरंगी जैसा है ||

इनको  कोई कुछ  कह दे तो  आदत इनकी गुर्राने की |  
एक क्रांति की आज जरुरत जनगण मन को जगाने की ||

रोज  शहीद  हुआ करते  हैं  सैनिक  सीमाओं पर ,
फिर भी दिल्ली क्यों चुप दिखती ऐसी घटनाओं पर ?
बस केवल दो चार दिवस अफ़सोस जताया जाता है |
उनकी वीर कथाओं का  गुणगान  सुनाया जाता है ||

भाषण- भूषण दौड़ा- दौड़ी जनता  को बस दिखलाने की |
एक क्रांति की आज जरुरत जनगण मन को जगाने की ||

आज तिरंगा जाने क्यों मायूस  दिखाई पड़ता है ?
राष्ट्रगान में शौर्य नहीं अब शोर सुनाई पड़ता है |
लोकतंत्र की अरथी उठती मगर किसे परवाह है |
अपनी कुरसी रहे सलामत नहीं और कुछ चाह है ||

रोज- रोज वादे  करते जनता  को फिर से फुसलाने की |
एक क्रांति की आज जरुरत जनगण मन को जगाने की ||

भ्रष्ट्राचार और अनाचार से धरा हो  गई है  बोझिल |
प्रेम और सौहार्द्र से सूखे सभ्य जनों के दिखते दिल |
इज्ज़त बे-इज्ज़त होने में कोई समय नहीं लगता है |
अपराधी सीना ताने अब  कानून  को गाली देता है ||

क्या यही था भारत का सपना जिस पर मर मिटजाने की ?
एक क्रांति  की आज जरुरत जनगण  मन को जगाने की ||










चल सजनी उस देश


चल सजनी उस देश......


चल सजनी उस देश ,

जहाँ तेरो प्रीतम रहते |

बहुत दिनन से खबर  न आई  नहिं  पाती सन्देश |

ना जाने  किस हाल  में होंगे  मन में उठत क्लेश |

तन मन को कछु नीक न लागै साँस बची बस शेष |

रात न बीतत दिन नहिं आवत भावत  नहिं परिवेश |

प्रीतम  गेह  दूर अति  हौवे नहिं  कोई संग विशेष |

तम का मार्ग  कंटकमय जहाँ ऐसो  प्रीतम का देश |

मन आज़ाद मिलनों को चाहे बिनु किए इक छन लेश ||